छातापुर में VIP नेता संजीव मिश्रा का जनसंपर्क अभियान, कहा – “छातापुर हो गया है नेता विहीन, घूस के बिना नहीं होता कोई काम”

न्यूज डेस्क सुपौल:

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी दलों के नेता अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। इसी कड़ी में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा लगातार जिले के छातापुर क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं।

बुधवार को संजीव मिश्रा छातापुर बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने डोर-टू-डोर कैंपेन चलाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों और नागरिकों से सीधे संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में संजीव मिश्रा ने कहा कि “छातापुर पूरी तरह बदहाल स्थिति में है। चारों ओर अव्यवस्था फैली हुई है और कोई देखने वाला नहीं है। यह इलाका अब नेता विहीन बन चुका है।” उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता, जिससे आम जनता को बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने छातापुर में उच्च शिक्षा की कमी को भी एक गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा, “यहां एक भी डिग्री कॉलेज नहीं है। छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए मुश्किल होता है।” उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि छातापुर में जल्द से जल्द डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाए ताकि स्थानीय युवाओं को बेहतर शिक्षा मिल सके।

VIP नेता ने जनता से वादा किया कि अगर उन्हें मौका मिला तो छातापुर की तस्वीर बदल दी जाएगी और इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और बदलाव की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]