बिहार में लोकतंत्र नहीं, लाठीतंत्र है: कैमूर जनसभा में गरजे प्रशांत किशोर, अब सरकार को मौका नहीं मिलेगा

न्यूज डेस्क कैमूर:

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत गुरुवार को कैमूर जिले के भभुआ में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिहार की वर्तमान शासन व्यवस्था को “लाठीतंत्र” करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र अब यहां नाम मात्र का रह गया है।

प्रशांत किशोर ने कहा,

“बिहार में जो भी सरकार के खिलाफ खड़ा होता है, उस पर लाठी चलती है। यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते तीन वर्षों में करीब 80 बार सरकार ने विरोधियों पर लाठीचार्ज करवाया है। चाहे शिक्षक हों, रसोइए, आशा कार्यकर्ता या छात्र – जो भी आवाज उठाता है, उसे लाठी से चुप कराया जाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि जन सुराज के आंदोलन की वजह से हाल के महीनों में लाठीचार्ज की घटनाएं कुछ कम हुई हैं, लेकिन अब जनता पूरी तरह तैयार है और अगली बार सरकार को मौका नहीं मिलेगा।

पलायन और किशनगंज के किशोर का मामला उठाया

प्रशांत किशोर ने बिहार से पलायन को राज्य का सबसे बड़ा दर्द बताते हुए किशनगंज के एक 15 वर्षीय किशोर के साथ हरियाणा में हुई अमानवीय घटना का ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे उस बच्चे से जबरन मजदूरी करवाई गई, और हादसे में हाथ कट जाने के बावजूद उसका इलाज नहीं करवाया गया।

“वो बच्चा भागकर 150 किलोमीटर पैदल चलकर वहां से निकला। हरियाणा की भाजपा सरकार चुप है, लेकिन इनके नेता बिहार में आकर वोट मांग रहे हैं,” – किशोर ने कहा।

डोनाल्ड ट्रंप और टैरिफ पर तंज

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% आयात शुल्क लगाए जाने के मामले पर प्रशांत किशोर ने भाजपा समर्थकों को घेरा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा:

“ये वही भाजपा समर्थक हैं जो कल तक कह रहे थे कि ट्रंप मोदी से डरते हैं। अब वही ट्रंप, चीन के बाद भारत पर सबसे अधिक टैरिफ लगा रहे हैं। विश्वगुरु बनाने की बातें करने वाले अब जवाब दें।”

Leave a Comment

[democracy id="1"]