सुपौल में प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव सभा: मोदी, नीतीश और लालू पर सीधा हमला, जनता से किए बड़े वादे

News Desk Supaul:

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की ‘बिहार बदलाव यात्रा’ लगातार प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लोगों से संवाद कर रही है। इसी कड़ी में सोमवार को वे सुपौल पहुंचे, जहां गांधी मैदान में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ में उन्होंने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर जमकर निशाना साधा।

प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले तीन सालों से वे गांव-गांव घूमकर लोगों से मिल रहे हैं और हकीकत समझ रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “लोगों ने 56 इंच का सीना देखकर मोदी को वोट दिया, लेकिन उनके अपने बच्चों का सीना 15 इंच का हो गया है। बच्चों के पास पहनने को ठीक कपड़ा नहीं है, पैरों में चप्पल तक नहीं है। किसी नेता को आपके बच्चों की चिंता नहीं है, इसलिए आपको खुद अपने बच्चों के भविष्य की चिंता करनी होगी।”

उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर भी प्रहार करते हुए कहा कि लालू जी ने अपने बेटे की चिंता की, जो 9वीं पास भी नहीं कर पाया, फिर भी उन्हें राजा बनाना चाहते हैं। लेकिन बिहार के लाखों पढ़े-लिखे नौजवान – मैट्रिक, बीए, एमए तक करने के बाद भी नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

नीतीश कुमार पर हमला करते हुए पीके ने कहा कि लोगों ने जाति के नाम पर वोट दिया तो नीतीश ने जाति गणना करा दी, जबकि मोदी को मंदिर के लिए वोट दिया तो मंदिर बन गया। लेकिन बिहार के बच्चों के लिए अब तक किसी ने वोट नहीं दिया। “मोदी बिहार से वोट और देश भर का पैसा लेकर गुजरात में फैक्ट्रियां लगवा रहे हैं। आज बिहार के बच्चे उन्हीं फैक्ट्रियों में मजदूरी कर रहे हैं।”

सभा में प्रशांत किशोर ने सुपौल की जनता से कई बड़े वादे भी किए। उन्होंने कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद सुपौल सहित पूरे बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 50 लाख युवाओं को यहीं 10-12 हजार रुपये का रोजगार दिया जाएगा।

युवाओं के साथ ही बुजुर्गों और बच्चों के लिए भी उन्होंने योजनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुरुषों और महिलाओं को 2000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। साथ ही जब तक सरकारी विद्यालयों में सुधार नहीं हो जाता, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, जिसकी फीस सरकार वहन करेगी।

प्रशांत किशोर ने जनता से अपील करते हुए कहा, “अबकी बार नेताओं का चेहरा देखकर वोट न दें, चाहे मोदी हों, लालू हों या नीतीश। इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दें। तभी बिहार में जनता का राज स्थापित हो सकेगा।”

सभा में उमड़े जनसैलाब ने प्रशांत किशोर के भाषण के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से कई बार मैदान गुंजा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]