प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज बिहार दौरा: 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, विपक्ष ने साधा निशाना

News Desk Patna:

लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार आ रहे हैं। शुक्रवार को उनका गया और बेगूसराय दौरा प्रस्तावित है। यह बीते लगभग ढाई महीने में उनका चौथा बिहार दौरा होगा। इससे पहले वे मोतिहारी, सीवान और रोहतास के बिक्रमगंज में कार्यक्रम कर चुके हैं।

गया में होगा भव्य कार्यक्रम

प्रधानमंत्री सुबह 10:30 बजे गया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे मगध विश्वविद्यालय परिसर जाएंगे, जहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी राज्य को 11,735 करोड़ रुपये की लागत वाली 6 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें शामिल हैं–

  • बक्सर के चौसा में 660 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट
  • मुंगेर में सीवरेज नेटवर्क एवं एसटीपी परियोजना
  • मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर
  • गंगा नदी पर बना सिमरिया 6 लेन पुल
  • बख्तियारपुर से मोकामा एनएच-31 फोरलेन कार्य
  • बिक्रमगंज-डुमरांव रोड का अपग्रेडेशन

इसके अलावा वे 1,257 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 8 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे, जिनमें विभिन्न शहरों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

रेल परियोजनाओं की सौगात

गया से ही पीएम मोदी अमृत भारत एक्सप्रेस और बुद्धिस्ट सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां

प्रधानमंत्री मोदी गया में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 12,000 और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 4,260 लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराएंगे। प्रतीकात्मक रूप से वे कुछ लाभार्थियों को चाबी सौंपेंगे।

बेगूसराय का दौरा

गया के बाद प्रधानमंत्री बेगूसराय के सिमरिया पहुंचेंगे। यहां वे औंटा-सिमरिया 6 लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। पीएम करीब 15 मिनट यहां रुककर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और फिर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे।

सीएम नीतीश भी रहेंगे साथ

इस पूरे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करेंगे।

विपक्ष का तीखा वार

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले विपक्षी दलों ने हमला बोलना शुरू कर दिया है।

  • लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी आज गया में नीतीश कुमार की राजनीति और उनकी पार्टी का पिंडदान करने आ रहे हैं।”
    साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी बिहार को स्पेशल स्टेट्स का दर्जा न देने की जिद और गरीब-दलितों को वोट से वंचित करने वाली सोच का भी पिंडदान करें।
  • तेजस्वी यादव ने कहा, “आज गया में झूठ और जुमलों की दुकान लगेगी। प्रधानमंत्री जी बिना हड्डी की जुबान से झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे, लेकिन बिहार की जनता दशरथ मांझी की तरह इन्हें तोड़ देगी।”
    उन्होंने सवाल किया – “11 साल अपनी और एनडीए की 20 साल की सरकार का हिसाब कब देंगे?”

तेजस्वी ने एक और पोस्ट में पीएम पर तंज कसते हुए लिखा कि,

“सुबह-शाम इतना झूठ क्यों बोलते हैं? जुमलों की बारिश करने से पहले बिहार की जनता का गाना सुन लीजिए, यही उनके उद्गार हैं आपके लिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]