सुपौल: सिमराही में पहली बार ऐतिहासिक और भव्य गणेश महोत्सव का शुभारंभ, पूरे नगर में छाया श्रद्धा और उत्साह

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही में इस वर्ष पहली बार ऐतिहासिक और भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला के बगल में सिमराही गणेश पूजा समिति की ओर से सोमवार को इस कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा पूजन से हुई। पूजा का कार्य यजमान विशो साह ने संपन्न कराया जबकि उद्घाटन का कार्य सचिन माधोगड़िया ने फीता काटकर किया।

फीता काटकर उद्घाटन करते अतिथि

उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए सचिन माधोगड़िया ने कहा कि “गणेश महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह उत्सव समाज को जोड़ने का, भाईचारे को बढ़ाने का और नई पीढ़ी को हमारी परंपराओं से जोड़ने का माध्यम है। पहली बार सिमराही में इस तरह का भव्य आयोजन हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया है।”

समिति के अध्यक्ष विवेक जयसवाल ने बताया कि यह महोत्सव पांच दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन भक्ति-भजन, कीर्तन, गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं अंतिम दिन धूमधाम से शोभायात्रा और नगर भ्रमण के साथ गणपति बप्पा का विसर्जन होगा। शोभायात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु पूरे नगर में भ्रमण करेंगे।

पंडित देवेंद्र झा ने बताया कि हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणपति पूजन से होती है। गणेश चतुर्थी का पर्व धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।

मौके पर आयोजन समिति और निगरानी टीम के सदस्य बिंदी प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, सचिव विश्वजीत भगत, सह सचिव ब्रजेश गुप्ता, पप्पू पोद्दार, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद कुमार, सह कोषाध्यक्ष कुंदन विवेक, अरविंद कुमार मुन्ना, ललित जायसवाल, सानू माधोगड़िया, चंदन कुमार, सागर कुमार, अभिषेक बच्चन, महताब चांद, कुंदन जायसवाल, चीकू गुप्ता, नीतीश जायसवाल, मनीष चौधरी, अक्षय पोद्दार, अंकित रौनियर, सुमित चौधरी, मासूम गुप्ता, देवादित्य सेन, अशोक बाबा, रामविलास यादव, राधेश्याम साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

सिमराही वार्ड नंबर 13 स्थित स्थापित प्रतिमा

वहीं सिमराही बाजार वार्ड नंबर 13 स्थित कोशी कॉलोनी गेट के सामने भी गणेश पूजन की शुरुआत की गई है। यहां भी लगातार पांच दिनों तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। समिति के अध्यक्ष प्रशांत वर्मा ने बताया कि “सिमराही में पहली बार गणेश पूजा मनाई जा रही है। यह हमारे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जगाना और लोगों को एकजुट करना है। पूरे नगर में गणपति बप्पा की जयकार गूंज रही है और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।” उन्होंने आगे कहा कि “इस आयोजन को सफल बनाने में युवाओं की भागीदारी अभूतपूर्व रही है। इससे यह साबित होता है कि हमारी नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सजग और समर्पित है।”

इस अवसर पर यजमान आनंद गुप्ता, मोनू कर्ण, प्रिंस झा, सुधांशु गुप्ता, हेमंत गुप्ता, सोनू गुप्ता, शुभम राज, प्रिंस सिंह, कुणाल चौधरी, रीतेश कर्ण सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पूरे सिमराही में गणेश महोत्सव को लेकर भारी उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से क्षेत्र की सामाजिक एकजुटता और भी मजबूत होगी तथा यह आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]