सुपौल में दिल दहला देने वाली घटना, पोखर में डूबने से दो मासूमों की मौत

Report: Amresh Kumar|Supaul

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुबियाही पंचायत के लालपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पोखर में डूबने से दो सगे भाइयों के मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृत बच्चों की पहचान लालपुर गांव निवासी सुधीर कुमार का 2 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और चंदन कुमार की 2 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई-बहन थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर दोनों मासूम घर के पास ही स्थित पोखर के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में जा गिरे। कुछ देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिवारजन उन्हें खोजने लगे। तभी ग्रामीणों की नजर पोखर पर पड़ी, जहां बच्चों के कपड़े और चप्पल किनारे पर दिखे।

ग्रामीणों ने तत्काल पोखर में खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। उस समय तक दोनों बेहोश हो चुके थे। आनन-फानन में बच्चों को रेफरल अस्पताल राघोपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हृदय विदारक घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं, घटना की सूचना पर स्थानीय राघोपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पिपरा थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों की ओर से किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]