पटना से सुपौल जा रही स्लीपर बस झंझारपुर में कंटेनर से टकराई, आधा दर्जन यात्री घायल

News Desk Madhubani:

मधुबनी जिले के झंझारपुर में शनिवार सुबह एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। पटना से सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज जा रही देव ट्रेवल्स की स्लीपर कोच बस एनएच-27 पर संग्राम पुल के पास आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। यह घटना सुबह करीब 5 बजे हुई, जिसमें करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे आ रही बस को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे उसमें जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस के अंदर यात्रियों में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। घायल यात्रियों को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और बस का चालक व खलासी सुरक्षित हैं।

बस खलासी ने आरोप लगाया कि घटना उस वक्त हुई जब डायल 112 की पुलिस गाड़ी ने कंटेनर को कथित वसूली के लिए रोकने की कोशिश की। उनके मुताबिक, अचानक कंटेनर रुकने से बस हादसे का शिकार हो गई और इसके बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। खलासी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस वाहन ने टक्कर के बाद किसी तरह की मदद नहीं की।

हालांकि, इस आरोप को अररिया संग्राम थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने सिरे से खारिज किया। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को इलाज के बाद सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]