सुपौल: सिमराही में बारिश के पानी में डूबने से दो वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत धर्मपट्टी वार्ड नंबर 10 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे बने गड्ढे में जमा बारिश के पानी में डूबने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान मुकेश मुखिया की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

बताया गया कि पूजा कुमारी अपने ननिहाल कारी मुखिया के घर धर्मपट्टी में रहती थी। उसका मूल घर नारायणपुर बताया गया है। बच्ची के मामा विवेक कुमार ने बताया कि गुरुवार की दोपहर से ही पूजा घर से गायब थी। परिजनों ने सोचा कि वह नहाने या आस-पास खेलने गई होगी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार में चिंता बढ़ गई। इसके बाद आसपास के लोगों के साथ परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

मृतक बच्ची का फाइल फोटो

काफी खोजबीन के बाद सड़क किनारे गड्ढे में जमा बारिश के पानी में बच्ची तैरती हुई दिखाई दी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत बाहर निकाला गया और आनन-फानन में रेफरल अस्पताल राघोपुर ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राजेन्द्र गुप्ता ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि बच्ची की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय मंडल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्ची करीब दो बजे से ही घर से लापता थी। देर शाम तक जब उसका कोई पता नहीं चला, तब ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के इलाके में खोजबीन की और बच्ची को पानी में डूबा पाया। मामले की सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है।

वही इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

इस दुखद घटना के बाद मृत बच्ची के परिवार में मातम छा गया है। मां, नानी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]