सुपौल में तृतीय मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, वेबकास्टिंग और VTR रिपोर्टिंग पर विशेष जोर

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला स्तरीय प्रथम प्रशिक्षण का सातवां दिन संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय और बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो पालियों में किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग) सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानन्द यादव ने तृतीय मतदान पदाधिकारियों को उनके कार्य और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। साथ ही, पीठासीन पदाधिकारी को EVM सेट के साथ (17C) प्रपत्र भरकर जमा करना होगा, जिसकी प्रति मतदान अभिकर्ता को हस्तगत कराते हुए रसीद लेनी अनिवार्य होगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी पीठासीन पदाधिकारी VTR App अपने मोबाइल में डाउनलोड करें और हर दो घंटे पर रिपोर्ट दर्ज करें। सेक्टर पदाधिकारियों को EVM मॉक ड्रिल के दौरान कम से कम 100 मत देने और उसका प्रमाणपत्र जमा करने का भी निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर नोडल मास्टर प्रशिक्षक श्री अंजनी कुमार ने बताया कि तृतीय मतदान पदाधिकारी CU (कंट्रोल यूनिट) के प्रभारी होंगे। वे मतदाता की पहचान और अमिट स्याही की जांच के बाद उसे मतदान हेतु अनुमति देंगे। मतदाता द्वारा मत डालने के बाद उत्पन्न बीप ध्वनि के समाप्त होने और मतदाता के बाहर आने के उपरांत ही अगले मतदाता को प्रवेश देने का निर्देश दिया गया। मतदान समाप्ति के बाद सभी मतदाता पर्चियां पीठासीन पदाधिकारी को सुपुर्द की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]