सुपौल में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे रखें रेल पटरी के स्लीपर से टकराया, चालक-उपचालक की मौके पर मौत, एक घायल

Report: Amresh Kumar|Supaul

सुपौल जिले में शनिवार की सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी कार्यालय के समीप एनएच-327 ई पर एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे जमा कर रखे गए रेल पटरी के स्लीपरों से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में सवार चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक सुपौल की दिशा से पिपरा की ओर आ रही थी। ट्रक पर सरिया लदा हुआ था और उसकी गति काफी तेज बताई जा रही है। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे रखे गए स्लीपरों से जा टकराया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सड़क किनारे रखा रेल पटरी का स्लीपर

सूचना मिलते ही पिपरा थाना अध्यक्ष राजेश कुमार झा अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान

  1. निशांत कुमार, पिता सुभाष सिंह, निवासी अलीपुर, थाना शालिमपुर, पटना
  2. अंकित कुमार, पिता बिनोद प्रसाद, निवासी कुल्हड़, थाना फतुहा, पटना

पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि ट्रक तेज रफ्तार में था, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]