सुपौल: त्रिवेणीगंज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी सभा, कहा – “2005 से पहले के बिहार और आज के बिहार में जमीन-आसमान का फर्क”

News Desk Supaul:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को चुनावी कार्यक्रम के तहत सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज पहुंचे, जहां अनुपलाल यादव कॉलेज मैदान में उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव, सांसद दिलेश्वर कामत, जदयू नेता मनीष वर्मा, ललन सर्राफ सहित भाजपा-जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2005 से पहले और बाद के बिहार की तस्वीर सामने रखते हुए कहा कि पहले के दौर में राज्य में “फालतू सरकार” थी, शाम के बाद लोग घरों से निकलने से डरते थे, न सड़क थी, न बिजली, न शिक्षा-स्वास्थ्य की सुविधा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कानून का राज कायम किया, अब हर वर्ग सुरक्षित है और बिहार निरंतर विकास की राह पर है।

सीएम ने महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि 2006 में पंचायती राज संस्थाओं में 50% आरक्षण, 2013 में पुलिस सेवा में 35%, और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण महिलाओं को दिया गया। उन्होंने कहा कि आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सबसे अधिक है।

नीतीश कुमार ने बताया कि ‘जीविका’ समूह की शुरुआत 2006 में विश्व बैंक की मदद से की गई थी, जो आज 1 करोड़ 40 लाख समूहों तक पहुंच चुकी है। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 2020 में किए गए 10 लाख नौकरियों और 10 लाख रोजगार के वादे को पूरा किया गया है, और अब तक 40 से 50 लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने वादा किया कि अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंच से ही त्रिवेणीगंज से जदयू उम्मीदवार सोनम रानी सरदार, निर्मली से अनिरुद्ध यादव, पिपरा से रामविलास कामत और सुपौल से ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव सहित सभी जदयू प्रत्याशियों को माला पहनाकर जनता से उन्हें विजयी बनाने की अपील की।

सभा के दौरान उन्होंने ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी लोगों की छत पर सोलर पैनल लगवाइए, बिजली तो सरकार मुफ्त में ही दे रही है, सोलर पैनल भी मुफ्त में लगेगा।” इस पर मंच से ही बिजेंद्र यादव ने सहमति जताई। सभा के अंत में मुख्यमंत्री स्वयं बिजेंद्र यादव की सीट तक गए, उन्हें माला पहनाई और जनता से उनके लिए समर्थन मांगा।

त्रिवेणीगंज की सभा में जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा। पहले चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नीतीश कुमार ने इस सभा के जरिए विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “राजद के शासन में बिहार अंधकार में था, हमने उसे विकास, शिक्षा, रोजगार और सम्मान की राह पर आगे बढ़ाया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]