सुपौल में चुनाव प्रचार थमा, 11 नवम्बर को मतदान — डीएम सावन कुमार ने कहा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान की पूरी तैयारी

News Desk Supaul:

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर आज अपराह्न 5 बजे जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सुपौल सावन कुमार की अध्यक्षता में एक प्रेस ब्रिफिंग आयोजित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्वाचन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दूसरे चरण के तहत दिनांक 11 नवम्बर 2025 (सोमवार) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में मतदान कर्मियों, पुलिस बलों और केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है ताकि प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में मतदान कर सके।

उन्होंने आगे बताया कि मतों की गिनती 14 नवम्बर 2025 को विधानसभावार बी.एस.एस. कॉलेज, सुपौल स्थित मतगणना हॉल में की जाएगी।

प्रचार-प्रसार समाप्त, आचार संहिता का सख्ती से पालन

जिलाधिकारी ने बताया कि आज (09 नवम्बर) शाम के बाद से प्रचार-प्रसार समाप्त हो गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसके पश्चात किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा, जिस पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से अपील की गई कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

डीएम सावन कुमार ने बताया कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिले भर में FST (Flying Squad Team), SST (Static Surveillance Team), सेक्टर पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं CAPF (Central Armed Police Force) के जवानों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सभी मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर लहटन चौधरी सभागार, सुपौल में मुख्य कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यहां से निर्वाचन की सभी गतिविधियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

मतदाताओं से अपील

प्रेस ब्रिफिंग के अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, “प्रशासन की पूरी कोशिश है कि प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित वातावरण मिले। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भय फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]