सुपौल: राघोपुर में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ मतदान, महिलाओं और युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

Report: A.K Choudhari

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को निर्मली विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। राघोपुर प्रखंड 73.3% मतदान हुआ।

बूथ संख्या 327 भैरव मध्य विद्यालय गणपतगंज पर सुबह 7:20 बजे कतार में खड़ी महिलाएं

लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के लिए सुबह से ही मतदाता उत्साहित नजर आए। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, वैसे ही अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं।

बूथ संख्या 339 मध्य विद्यालय देवीपुर में कतार में बैठी महिला

सुबह से ही लोगों में मतदान को लेकर जोश देखने लायक था। खासकर महिलाओं की भागीदारी इस बार उल्लेखनीय रही — कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की कतारें पुरुषों से कहीं लंबी देखी गईं।

बूथ संख्या 291 यदुनाथ मध्य विद्यालय में कतार में खड़े वोटर

प्रथम बार मतदान करने वाले युवा और नई मतदाता युवतियाँ भी लोकतंत्र के इस पर्व में पूरे जोश के साथ शामिल हुईं।

बूथ संख्या 350 मध्य विद्यालय डुमरी में व्हीलचेयर पर वोट डालने जाती बुजुर्ग

मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुँचे, जिससे उत्साह का माहौल और जीवंत दिखा।

बूथ संख्या 300 नगर पंचायत सिमराही कार्यालय में बना महिला मतदान केंद्र पर बीपी जांच करते डॉक्टर टीम

प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अर्धसैनिक बलों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार गश्त कर रही थीं।

बूथ संख्या 271 मध्य विद्यालय दौलतपुर में ड्यूटी पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल

वहीं, प्रतिनियुक्त प्रशासनिक और जोनल पदाधिकारी भी समय-समय पर बूथों का निरीक्षण कर मतदान की स्थिति का जायजा लेते रहे, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनी रहे।

बूथ संख्या 271 मध्य विद्यालय दौलतपुर में बूथ का निरीक्षण करते वर्तमान विधायक सह NDA प्रत्याशी अनिरुद्ध यादव

हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित रही।

  • सिमराही नगर पंचायत के रामपुर स्थित बूथ संख्या 295 पर EVM खराब होने से करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा। बाद में मशीन बदली गई और मतदान पुनः सामान्य रूप से शुरू हुआ।
  • रामविशनपुर पंचायत के बूथ संख्या 277 पर भी तकनीकी दिक्कत के कारण लगभग आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा।
  • बूथ संख्या 349 (मध्य विद्यालय डुमरी) में 1 घंटे 17 मिनट देरी से मतदान प्रारंभ हुआ।
  • वहीं बूथ संख्या 286 (कन्या मध्य विद्यालय सिमराही) में भी तकनीकी खराबी के कारण लगभग 8 बजे मतदान शुरू हो पाया।

इन कुछ शुरुआती रुकावटों के बावजूद, मतदान का माहौल पूरे दिन शांतिपूर्ण बना रहा। राघोपुर, धरहारा, डुमरी, देवीपुर, दौलतपुर, करजाईन व सिमराही नगर पंचायत सहित विभिन्न पंचायतों के बूथों पर मतदाता दिनभर कतारों में डटे रहे।

राघोपुर टीसीपी भवन में बना प्रखंड स्तरीय कंट्रोल रूम

दोपहर 12 बजे के आसपास कई केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में थोड़ी कमी आई, लेकिन दोपहर 3 बजे के बाद पुनः भीड़ बढ़ने लगी, जो शाम 6 बजे तक जारी रही।

दोपहर 12:30 बजे बूथ संख्या 298 मध्य विद्यालय राघोपुर खाली पड़ा मतदान केंद्र

हालांकि बूथ संख्या 262 प्राथमिक विद्यालय इमामगंज फिंगलास पर शाम 6 बजे बाद भी कतार में मतदाता लगे रहे।

बूथ संख्या 291 यदुनाथ मध्य विद्यालय सिमराही पर गले में उतरी पहन कर संजीव दास ने मतदान किया

संपूर्ण मतदान प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

बूथ संख्या 322 हरावत उच्च विद्यालय गणपतगंज में कतार में खड़े वोटर

मतदाताओं, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की तत्परता से निर्मली विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।

Leave a Comment