सुपौल: सिमराही में अंधविश्वास का डर दिखाकर महिला से लाखों के जेवर ठगे, आरोपी फरार — पुलिस जांच में जुटी

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही में अंधविश्वास, झाड़-फूंक और बेटे की अनहोनी का डर दिखाकर एक महिला से सोने के आभूषण ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब एक अज्ञात युवक ने महिला को उनके इकलौते बेटे पर संकट की बात कहकर करीब 25 ग्राम सोने के जेवर ठग लिए और मौके से फरार हो गया।

कैसे दिया घटना को अंजाम?

पीड़ित महिला, जो सिमराही वार्ड संख्या 8 निवासी भूपेंद्र प्रसाद यादव की पत्नी हैं, सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकली थीं। जैसे ही वह सिमराही बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचीं, एक अपरिचित युवक ने उन्हें रोक लिया। युवक ने महिला से कहा कि उनके इकलौते बेटे पर बड़ा संकट मंडरा रहा है, और यदि तुरंत उपाय नहीं किया गया तो अनहोनी हो सकती है। बेटे पर खतरे की बात सुनते ही महिला घबरा गईं और उनकी मानसिक स्थिति को देखते हुए युवक अपनी चाल में सफल हो गया।

घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद

पहले आरोपी ने महिला से मात्र पाँच रुपये मांगे। महिला के पास पैसे नहीं थे, तो उन्होंने पास के दुकानदार से मांगकर पाँच रुपये दिए। इसके बाद युवक ने पानी लेकर पीया और फिर महिला को यह विश्वास दिलाने लगा कि वह उनके घर जाकर “टोना-टोटका” कर बेटे का संकट टाल देगा।

सोने के जेवर उतरवाकर भागा आरोपी

इसी दौरान आरोपी ने चतुराई से महिला के गले से सोने की चेन के अलावा कान के झुमके (आठ आना) और अंगूठी (छह आना) सहित कुल करीब 25 ग्राम सोने के गहने उतरवा लिए। महिला को यह विश्वास दिलाया गया कि टोना-टोटका कराने के लिए आभूषण उतारना जरूरी है। जैसे ही जेवर मिले, आरोपी मौके से चंपत हो गया।

मंदिर पहुंचकर हुआ ठगी का एहसास

जब महिला मंदिर पहुंचीं, तो उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ। घबराहट में उन्होंने पास के दुकानदारों से सहायता मांगी और एक स्थानीय युवक की मदद से घर पर फोन किया। सूचना मिलते ही उनका बेटा सोनू राज तत्काल मौके पर पहुंचे। उस समय महिला बुरी तरह विचलित थीं और सदमे की स्थिति में थीं।

मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सोने के आभूषण ठगी का आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]