सुपौल: सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शहर में चल रहे अवैध लॉटरी नेटवर्क का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

News Desk Supaul:

गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेल चौक पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने लॉटरी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झखराही वार्ड-27 निवासी राजेश मंडल और झखराही वार्ड-26 निवासी विकास कुमार के रूप में की गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सिक्किम और नागालैंड की कुल 1050 प्रतिबंधित लॉटरी टिकट, 10 हजार 100 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है।

वहीं, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड शहर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को मौके से लॉटरी टिकटों की बिक्री और लेन-देन से जुड़े अहम रिकॉर्ड भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट हुआ है कि यह कारोबार सुनियोजित तरीके से बड़े पैमाने पर संचालित किया जा रहा था। शहर के विभिन्न इलाकों में एजेंटों के माध्यम से टिकटों की बिक्री की जा रही थी और प्रतिदिन हजारों रुपये का अवैध लेन-देन हो रहा था।

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पूछताछ व जब्त मोबाइल फोन की जांच के आधार पर कुल दस लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शेष आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस गिरोह को खगड़िया का एक युवक लॉटरी टिकट की सप्लाई करता था, जिसके जरिए शहर में पूरा नेटवर्क खड़ा किया गया था। पुलिस अब फरार मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *