सुपौल: नगर पंचायत सिमराही में स्वागत द्वार का निर्माण, शहर की पहचान को मिला नया स्वरूप

Report: A.K Chaudhary

जिले के सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र में नगर की सुंदरता और पहचान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शहर के सभी एंट्री पॉइंट पर स्वागत द्वार का निर्माण कराया गया है। नगर में प्रवेश करते ही यह स्वागत द्वार आमजन और आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। स्वागत द्वार के निर्माण से न केवल नगर की सौंदर्यात्मक छवि में वृद्धि हुई है, बल्कि यह सिमराही की एक अलग पहचान भी स्थापित कर रहा है।

नगर पंचायत द्वारा लगाए गए इस स्वागत द्वार को आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है, जिसमें नगर का नाम और आकर्षक संरचना शामिल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे नगर का प्रवेश द्वार भव्य दिखने लगा है और बाहर से आने वाले लोगों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

इस संबंध में नगर पंचायत सिमराही की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने बताया कि नगर पंचायत का उद्देश्य शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिकों में अपने नगर के प्रति गर्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा की नगर पंचायत की सीमा पता नही है कि आखिर सीमा कहाँ तक है इसलिए सीमा को रेखंकित करने के लिए यह स्वागत द्वार बनाया गया है। बताया कि स्वागत द्वार नगर की पहचान का प्रतीक होता है। सिमराही में लगाए गए इस स्वागत द्वार से न सिर्फ नगर की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि यह बाहर से आने वाले लोगों को भी एक सकारात्मक संदेश देता है। आगे भी नगर पंचायत द्वारा विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य निरंतर किए जाएंगे। बताया कि इसके अलावा नगर पंचायत सिमराही में सड़क निर्माण के साथ-साथ अन्य भी कई तरह का कार्य किया जा रहा है।

नगरवासियों ने भी नगर पंचायत के इस प्रयास की सराहना की है और इसे शहर के विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र में और भी विकासात्मक एवं जनहितकारी कार्य देखने को मिलेंगे।

Leave a Comment