सुपौल: राघोपुर में पुलिस को बड़ी सफलता, टेंट संचालक छोटेलाल यादव हत्याकांड का इनामी मुख्य आरोपी गिरफ्तार

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित कांड संख्या 153/23 में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को लंबे समय से फरार चल रहे टेंट संचालक छोटेलाल यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी एवं 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी बंटी कुमार यादव को फारबिसगंज से STF और राघोपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहारा वार्ड संख्या 11 का निवासी बताया जा रहा है।

बता दे कि राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहारा गांव निवासी टेंट संचालक छोटेलाल यादव की निर्मम हत्या के बाद से बंटी कुमार यादव फरार चल रहा था। वह इस हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपी था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। फरारी को देखते हुए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर STF की टीम ने राघोपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर विशेष रणनीति तैयार की और संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता के कारण वह सफल नहीं हो सका और उसे धर दबोचा गया।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि कांड संख्या 153/23 धरहारा निवासी टेंट संचालक छोटेलाल यादव की हत्या से जुड़ा है, जिसमें बंटी कुमार यादव मुख्य आरोपी था। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी से हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। पूछताछ के दौरान आरोपी से हत्या के पीछे के कारणों, इसमें शामिल अन्य लोगों और साजिश से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर छिपा हुआ था तथा उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *