सुपौल में अवैध पार्किंग व जाम के खिलाफ सख्त अभियान, 58 वाहनों से 93 हजार जुर्माना वसूला गया

News Desk Supaul:

सुपौल शहर में अवैध पार्किंग और लगातार लग रहे जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सुपौल सदर अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार के नेतृत्व में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में शहर के मुख्य मार्गों और आसपास के क्षेत्रों को चिन्हित कर सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान महावीर चौक, लोहिया चौक, अंबेडकर चौक सहित अन्य व्यस्त इलाकों में सड़क पर वाहन खड़े करने वाले चालकों से चालान काटते हुए जुर्माना वसूला गया। परिवहन एवं यातायात विभाग के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 58 वाहनों से लगभग 93 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में सड़क पर अवैध पार्किंग न करें, अन्यथा अधिकतम जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

महावीर चौक पर यातायात पुलिस द्वारा काटे जा रहे चालानों का निरीक्षण करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि व्यस्ततम सड़कों पर अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहनों पर सख्ती बरती जाए, ताकि लोग नियमों का पालन करें।

विगत कई दिनों से चल रहे इस अभियान के बाद शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार देखा जा रहा है, हालांकि अब भी कुछ वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने परिवहन एवं यातायात विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन वाहन चालकों पर बार-बार जुर्माना लगाया गया है, उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जाए। अभियान में परिवहन विभाग एवं यातायात विभाग के पदाधिकारी व कर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *