Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। थाना परिसर से सटे बुलेट मोटरसाइकिल सर्विस सेंटर को निशाना बनाते हुए चोरों ने दुकान की चदरा लगी दीवार को काटकर हजारों रुपये की कीमती सामग्री चोरी कर ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपना सर्विस सेंटर खोलने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया, अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गए। दुकान के भीतर रखा सामान बिखरा पड़ा था और बगल की चदरा लगी दीवार कटी हुई थी। इससे साफ जाहिर होता है कि चोरों ने रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया।
राकेश कुमार के अनुसार चोर लगभग 90 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरी गए सामान में इनभाइटर, विभिन्न मोटरसाइकिल पार्ट्स, लाइट, सीट समेत कई कीमती उपकरण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यही सर्विस सेंटर उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है और इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना के थानाध्यक्ष अमित कुमार राय स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदार से पूरी जानकारी ली और आसपास के क्षेत्र का भी जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना के इतने पास चोरी की घटना होना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







