Report: A.K Chaudhary
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय NH-27 पर पचास पुला के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल शिक्षक को तुरंत रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल शिक्षक की पहचान विशनपुर दौलत निवासी कुशेश्वर शर्मा के रूप में हुई है। वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय भगता टोला, विशनपुर दौलत में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं।

बताया गया कि कुशेश्वर शर्मा किसी आवश्यक कार्य से सिमराही गए हुए थे और कार्य समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिमराही पचास पुला के समीप सिमराही की आ रही ट्रैक्टर संख्या BR53 8G 8878 ने उनकी बाइक स्प्लेंडर प्लस संख्या BR 38E 3027 में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर सिमराही की ओर से आलू खाली कर लौट रहा था। अचानक हुई टक्कर के बाद बाइक सवार शिक्षक सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शिक्षक को उठाकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया।
रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सतर्कता से ट्रैक्टर चालक अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी महेश यादव को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा मौके का जायजा लिया।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है। फिलहाल लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही ट्रैक्टर चालक और वाहन के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







