Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के ललितग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत क्वार्टर चौक के समीप बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह दुर्घटना NH 27 पर उस समय हुई जब तेज गति से जा रही एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक काफी रफ्तार में थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

मृतकों की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के चिलौनी उत्तर वार्ड संख्या 8 निवासी सुरेश मरिक (पिता– दर्पी मरिक) और निर्मली निवासी मिथलेश मरिक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी जरूरी काम से घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ललितग्राम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।







