सुपौल: समृद्धि यात्रा को लेकर डीएम-एसपी की संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग, सुपौल में 570 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन

समृद्धि यात्रा के दौरान सुपौल में 435 करोड़ की 84 योजनाओं का शिलान्यास और 135 करोड़ की 129 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इस संबंध में डीएम और एसपी ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल में मंगलवार को जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग कर मीडिया को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान जिले में हुए कार्यक्रमों और विकास योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि निर्मली प्रखंड में निर्मली रिंग बांध की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद उसका उद्घाटन तथा स्थल निरीक्षण किया गया। इसके अलावा अनुमंडल कार्यालय के सामने लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया और योजनाओं के लाभुकों को लाभ प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि सुपौल जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 84 योजनाओं की 435 करोड़ रुपये की लागत से आधारशिला रखी गई, जबकि 129 योजनाओं का 135 करोड़ रुपये की लागत से उद्घाटन किया गया। निर्मली अनुमंडल में संचालित योजनाओं की समीक्षा भी की गई, जिसमें जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।

प्रगति यात्रा 2025 से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि छातापुर और त्रिवेणीगंज प्रखंड में सुरसर नदी चैनलाइजेशन और क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। वीरपुर में निबंधन कार्यालय के नए भवन के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और आगे की प्रक्रिया जारी है। सुपौल स्टेडियम के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है, वहीं बाबा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार तथा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर से सुखपुर बाजार तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी प्रगति पर है।

जिले में त्रिवेणीगंज और पिपरा बाजार के बाईपास निर्माण को राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-327 ई परियोजना में शामिल किया गया है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। सुपौल में नए बस स्टैंड के निर्माण की तैयारी भी अंतिम चरण में है और एक सप्ताह के भीतर विभागीय स्तर पर निविदा जारी होने की संभावना है। वीरपुर अनुमंडल में प्रस्तावित हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भू-अधिग्रहण का कार्य भी जारी है।

प्रशासनिक मामलों की जानकारी देते हुए बताया गया कि दाखिल-खारिज के कुल 25,849 मामलों में से 21,169 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों की प्रक्रिया जारी है। परिमार्जन प्लस के तहत भी लंबित मामलों के निपटारे की कार्रवाई चल रही है।

शिक्षा क्षेत्र में महिलाओं को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री बालिका इंटरमीडिएट प्रोत्साहन योजना में 7,704 छात्राओं को 19.26 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री बालिका स्नातक प्रोत्साहन योजना में 16,071 छात्राओं को 80.35 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में छह प्रखंडों में भवन और भूमि का चयन कर लिया गया है।

कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य 11,471 के मुकाबले अब तक 10,217 विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि शेष लक्ष्य मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 2,392 वार्डों में से 2,228 वार्डों में 24,020 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं और शेष कार्य भी मार्च तक पूरा करने की योजना है।

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 942 लाभार्थियों का चयन कर उन्हें विभिन्न किश्तों में सहायता राशि दी गई है, जिसके अंतर्गत कुल 62.09 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5,18,648 लाभुकों को प्राथमिक निवेश निधि के रूप में 10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं, जबकि शेष आवेदनों पर मार्च 2026 तक भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राशन कार्ड से संबंधित जानकारी में बताया गया कि जिले में कुल 20,64,851 लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त 2,00,811 आवेदनों में से 1,59,134 कार्ड जारी किए जा चुके हैं और बाकी पर कार्रवाई जारी है।

विधि-व्यवस्था की स्थिति पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में हत्या, डकैती, लूट, चोरी, दंगा, बलात्कार और दहेज मृत्यु जैसे प्रमुख अपराधों में कमी आई है। जिले के सभी थानों को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। बिहार के पुलिस महानिदेशक की ओर से भी इस दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]