Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के सिमराही में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “गाँव-बस्ती चलो अभियान” के तहत एक व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर पंचायत सिमराही स्थित बाबा सर्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुआ, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान की शुरुआत कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिर परिसर में सफाई कार्य से की गई। झाड़ू लगाकर और परिसर को व्यवस्थित कर कार्यकर्ताओं ने न केवल स्वच्छता का महत्व बताया, बल्कि “स्वच्छता सेवा ही सच्ची सेवा” के संदेश को भी व्यवहार में उतारा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से संपर्क स्थापित कर उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान योजनाओं की जमीनी स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई और ग्रामीणों से फीडबैक लिया गया।
जानकारी देते हुए प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन माधोगरिया ने कहा कि “गाँव-बस्ती चलो अभियान” का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा भाव से समाज के बीच जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

प्रदेश कार्यकारणी सदस्य प्रो बैद्यनाथ प्रसाद भगत ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर की सफाई के साथ-साथ समाज में स्वच्छता और जागरूकता का संदेश फैलाना भी इस कार्यक्रम का उद्देश्य है।
वही नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा हमेशा सेवा, सुशासन और समर्पण के सिद्धांतों पर कार्य करती है। यह अभियान संगठन को आम जनता से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस मौके पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा सहित सिमराही नगर मंडल के कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







