Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जनगणना 2027 को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनगणना के प्रथम चरण सहित कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।
मीडिया को जानकारी देते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि सुपौल जिले में कुल 17 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 11 ग्रामीण और 6 शहरी क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 4621 प्रगणक एवं 785 पर्यवेक्षक (सुरक्षित सहित) की तैनाती की गई है, जो आवंटित गणना ब्लॉकों में जाकर मकानों की गणना करेंगे।
प्रशासनिक व्यवस्था के तहत सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को चार्ज गणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पूरे कार्य की निगरानी करेंगे।
इस बार की जनगणना की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी प्रक्रिया पहली बार डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप के जरिए संपादित की जाएगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और तेजी आएगी। इसके साथ ही आम नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना का प्रावधान भी किया गया है।
प्रथम चरण शुरू होने से 15 दिन पूर्व, यानी 17 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक लोग स्वयं वेब पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय रूप से सहयोग करें, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक और समय पर पूरा किया जा सके।







