तीन राज्यों के चुनाव परिणाम पर सिमराही में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, बंगाल में जीत को बताया ऐतिहासिक जनादेश

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद सुपौल जिले के सिमराही में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर जोरदार जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, मिठाई वितरण और रंग-गुलाल के साथ जीत की खुशी साझा की।

Report: A.K Chaudhary

पांच राज्यों में संपन्न विधानसभा चुनावों की मतगणना के बाद सोमवार को घोषित परिणामों ने देशभर में राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया। बंगला, असम और पुड्डुचेरी में भारतीय जनता पार्टी के बेहतर प्रदर्शन से पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। खास तौर पर पश्चिम बंगाल में भाजपा के शानदार प्रदर्शन और पहली बार सरकार गठन की संभावनाओं को लेकर सुपौल जिले के सिमराही नगर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार खुशी मनाई।

जश्न मनाते कार्यकर्ता

सोमवार को सिमराही स्थित जेपी चौक, एनएच-27 पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जीत का जश्न मनाया। पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं। साथ ही लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं। बंगाल चुनाव की जीत को खास अंदाज में मनाते हुए झाल मुढ़ी वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को अलग पहचान दी। भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता स्वयं गले में भुजा का खोंचा लटकाकर लोगों के बीच पहुंचे और अपने हाथों से भुजा बांटकर खुशी जाहिर की।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास आधारित राजनीति पर जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब स्थिर नेतृत्व, मजबूत राष्ट्र और विकास की राजनीति को समर्थन दे रही है।

जश्न मनाते कार्यकर्ता

जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को लेकर भाजपा की प्रतिबद्धता पर जनता ने मुहर लगाई है और यह जनादेश उसी विश्वास का परिणाम है।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और उनके सामाजिक-राजनीतिक सशक्तिकरण को आने वाले समय में और मजबूती मिलेगी। भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने का काम करेगी।

जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा ने कहा कि यह सफलता संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र के साथ देश को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं, पदाधिकारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, जोश और जीत की खुशी साफ तौर पर दिखाई दी।

Leave a Comment