News Desk Patna:
बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन ऐतिहासिक और सियासी दृष्टि से बेहद अहम रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार राजधानी पटना के गांधी मैदान में भव्य समारोह के बीच संपन्न हुआ। इस मौके पर कुल 32 नए मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह का सबसे चर्चित चेहरा जेडीयू सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रहे, जिन्होंने पहली बार सक्रिय राजनीति में बड़ी एंट्री करते हुए मंत्री पद की शपथ ली।
पटना के गांधी मैदान में आयोजित इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में पूरा गांधी मैदान राजनीतिक उत्साह से सराबोर नजर आया।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए चुने जाने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी ने बिहार की कमान संभाली थी। मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद सम्राट चौधरी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की है।
इस कैबिनेट विस्तार में एनडीए के सभी पांच घटक दलों— भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो— को प्रतिनिधित्व दिया गया है। मंत्रिमंडल में भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, हम के 1 और रालोमो के 1 नेता को मंत्री बनाया गया है।
सम्राट चौधरी कैबिनेट में अनुभवी और नए चेहरों का संतुलन देखने को मिला। जेडीयू से निशांत कुमार के अलावा श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और लेसी सिंह जैसे अनुभवी नेताओं को फिर से मौका दिया गया। भाजपा की ओर से रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल और श्रेयसी सिंह जैसे बड़े नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
वहीं सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, अल्पसंख्यक, महिला और सवर्ण वर्गों को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है। जदयू से मदन सहनी, जमा खान, शीला मंडल, रत्नेश सदा और भगवान सिंह कुशवाहा को शामिल कर सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश की गई है।
एनडीए के सहयोगी दलों को भी सम्मानजनक हिस्सेदारी दी गई है। चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) से संजय पासवान और संजय सिंह को मंत्री बनाया गया, जबकि जीतनराम मांझी की हम पार्टी से डॉ. संतोष मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के रालोमो से दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।
पार्टीवार मंत्रियों की सूची
भाजपा (15)
राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद, अरुण शंकर प्रसाद, श्रेयसी सिंह।
जदयू (13)
निशांत कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान, भगवान सिंह कुशवाहा, शीला मंडल, दामोदर राउत, बुलो मंडल, रत्नेश सदा, श्वेता गुप्ता।
लोजपा (रामविलास) (2)
संजय पासवान, संजय सिंह
हम (1)
डॉ. संतोष कुमार सुमन (संतोष मांझी)
रालोमो (1)
दीपक प्रकाश







