सुपौल: राघोपुर अपहरण कांड का खुलासा, वीरपुर एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी; अपहृत सकुशल बरामद

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के सरहोचिया गांव में मजदूरी के पैसे के विवाद के बाद दर्ज अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि अपहृत सुखालाल मेहता को विशेष छापामारी टीम ने सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि मामले के सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी पंचायत के सरहोचिया गांव में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर दर्ज अपहरण मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले की जानकारी वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की तत्पर कार्रवाई से अपहृत सुखालाल मेहता को सकुशल बरामद कर लिया गया है तथा मामले के सभी पहलुओं पर गहन अनुसंधान जारी है।

एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दिनांक 06 मई 2026 की शाम राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत स्थित सरहोचिया गांव में नवनिर्मित पंचायत भवन के समीप पंचायत का प्रवेश द्वार निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर सुखालाल मेहता और बलदेव यादव के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद बढ़ने के बाद मामला गंभीर रूप ले लिया।

घटना के अगले दिन 07 मई 2026 को सुखालाल मेहता की पत्नी कविता देवी ने राघोपुर थाना पहुंचकर आवेदन दिया, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके पति का बलदेव यादव एवं अन्य लोगों द्वारा हत्या की नीयत से अपहरण कर लिया गया है। महिला के आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना कांड संख्या-162/26 दर्ज किया गया तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना संकलन और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करते हुए अपहृत सुखालाल मेहता को सुपौल से सकुशल बरामद कर लिया।

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, विवाद की वास्तविक वजह और अपहरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापामारी दल में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी, पुअनि अमिय प्रसून, पुअनि मुकुल आजाद, पुअनि राजु कुमार, पुअनि कैलाश राम एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

Leave a Comment