सुपौल में तेज रफ्तार का कहर: यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, बांस पर अटकने से टला बड़ा हादसा

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के विशनपुर में NH-131 पर यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बांस पर अटकने से बड़ा हादसा टल गया। करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले में सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां पिपरा थाना क्षेत्र के विशनपुर के पास NH-131 पर यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि खाई में मौजूद बांस के सहारे बस अटक गई, जिससे बस पलटने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया। इस हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि बस भीमनगर से यात्रियों को लेकर सहरसा जा रही थी। इसी दौरान विशनपुर के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से नीचे खाई में उतर गई। अगर बस बांस पर नहीं अटकती तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ बस चालक से भी पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक NH-131 पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Comment

[democracy id="1"]