सुपौल: राघोपुर में SSB-पुलिस की संयुक्त छापेमारी, ब्राउन शुगर, देसी कट्टा, कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव में SSB और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में 9.2 ग्राम ब्राउन शुगर, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की बुलेट बाइक बरामद की गई। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरमा गांव में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और राघोपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ब्राउन शुगर, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जब हथियार, ब्राउन शुगर व अन्य सामान

बताया गया कि 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के जी-समवाय नरपतपट्टी के सहायक कमांडेंट सुधीर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि राघोपुर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड संख्या-06 स्थित एक घर में अवैध रूप से मादक पदार्थ और हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने इसकी जानकारी वाहिनी मुख्यालय के उच्च अधिकारियों को दी। निर्देश मिलने के बाद उनके नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष गश्ती दल का गठन किया गया, जिसमें दो महिला जवान भी शामिल थीं।

इसके बाद राघोपुर थाना पुलिस को सूचना देकर मंगलवार शाम में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। सूचना के आधार पर परसरमा वार्ड 6 निवासी युवक दीपक कुमार के घर में तलाशी के दौरान घर के बाहर बिना नंबर प्लेट की एक लाल रंग की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं घर के अंदर से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, स्टील के डिब्बे में रखा 9.2 ग्राम ब्राउन शुगर, 19,267 नकद और दो सैमसंग स्मार्टफोन बरामद किए गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर पाया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार दीपक कुमार ने स्वीकार किया कि वह ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करता है तथा इस कारोबार में उसका सहयोगी उमेश कुमार यादव, निवासी समदा, थाना रतनपुरा भी शामिल है। उसने यह भी स्वीकार किया कि बरामद देसी कट्टा और कारतूस उसी के हैं तथा बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल तस्करी में किया जाता था।

बरामद सामानों में 9.2 ग्राम ब्राउन शुगर, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 19,267 नकद, एक लाल रंग की बुलेट मोटरसाइकिल और दो स्मार्टफोन शामिल हैं।

मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस फरार सहयोगी की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]