Report: A.K chaudhary
आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं भूमि संबंधी विवादों के निपटारे को लेकर सुपौल जिले के राघोपुर अंचल कार्यालय में शनिवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।

जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी ने संबंधित मामलों को गंभीरता से सुनते हुए राजस्व कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कई मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि शनिवार को कुल 25 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 10 मामलों का निष्पादन कर दिया गया। शेष मामलों में आवश्यक जांच एवं प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है, ताकि छोटी-छोटी बातों को लेकर लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और भूमि विवादों का शांतिपूर्ण एवं कानूनी तरीके से निपटारा हो सके।
जनता दरबार में राजस्व अधिकारी आकांक्षा कुमारी, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, करजाईन थाना के एसआई अनिल चौधरी सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।







