सुपौल: एसएच 91 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, 18 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर घायल

सुपौल के जदिया निवासी दो युवक रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र में एसएच-91 पर उनकी बाइक खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में 18 वर्षीय सौरभ कुमार की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय साहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र एवं मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र की सीमा पर शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर चौक के समीप मुरलीगंज-जदिया मुख्य मार्ग (एसएच-91) पर हुई। बताया जाता है कि टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार दो युवक मधेपुरा जिले के रहटा गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां से वापस जदिया लौट रहे थे। इसी दौरान बिशनपुर चौक के पास यात्री शेड के निकट सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी बाइक पीछे से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठे युवक उछलकर सीधे ट्रैक्टर के ट्रॉली पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 ठठेरी टोला निवासी रामविलास साह के 18 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान वार्ड संख्या-10 निवासी स्वर्गीय दिलीप साह के 16 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार के रूप में की गई है। साहिल का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि सौरभ अपने रिश्तेदार के यहां से लौट रहा था। घर पहुंचने से पहले ही वह हादसे का शिकार हो गया। सौरभ दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता और बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Leave a Comment