सुपौल: मुहर्रम को लेकर डीएम-एसपी ने सिमराही एवं छातापुर में किया फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम सावन कुमार एवं एसपी शरथ आर.एस. के नेतृत्व में सिमराही और छातापुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Report: A.K Chaudhary

आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर सुपौल जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. के नेतृत्व में सिमराही बाजार तथा छातापुर में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों तथा संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों, व्यवसायियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की।

जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। पर्व के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

वहीं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेशों को साझा नहीं करने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

फ्लैग मार्च के दौरान वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। फ्लैग मार्च से आम लोगों में सुरक्षा का संदेश गया तथा प्रशासन की सतर्कता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]