Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार बलेनो कार BR 01 JB 2964 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीसीटीवी पोल से टकरा गई और उसके बाद सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चालक को चोटें आईं, जबकि कार पर सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा शनिवार देर रात करीब 2 बजे हुआ। आसपास के लोगों ने बताया कि वे अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक तेज टक्कर की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब लोग बाहर निकले तो देखा कि सड़क किनारे एक बलेनो कार पलटी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार में दो लोग सवार थे और दोनों हादसे के बाद सुरक्षित थे।
लोगों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार मधुबनी की ओर से आ रही थी। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान उन्होंने सड़क किनारे पलटी हुई कार को देखा। वाहन पर लगी नंबर प्लेट पटना की है, जबकि स्थानीय स्तर पर कार को मधुबनी की बताई जा रही है।
घटना के बाद चालक एवं अन्य सवार मौके से चले गए। बताया जा रहा है कि हादसे में सड़क किनारे लगे सीसीटीवी पोल को भी भारी नुकसान पहुंचा। वहीं दुर्घटना के बाद सीसीटीवी से संबंधित उपकरणों के चोरी होने की भी सूचना सामने आई है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।







