सुपौल में 7 वर्षीय बच्ची की कुदाल से हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में लगाई आग; आरोपी गिरफ्तार

सुपौल के सदर थाना क्षेत्र स्थित परसरमा वार्ड-8 में सात वर्षीय बच्ची की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। परसरमा पंचायत के वार्ड संख्या-8 में एक सात वर्षीय मासूम बच्ची की कुदाल से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, परसरमा वार्ड-8 निवासी शंभू शाह देर रात अपनी सात वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के साथ गांव से दूध लेकर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि शंभू शाह आगे-आगे चल रहे थे, जबकि उनकी पुत्री प्रीति कुमारी हाथ में दूध की बोतल लिए पीछे चल रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक युवक अचानक वहां पहुंचा और बच्ची पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने मासूम पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। बच्ची की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गम और आक्रोश में बदल गया।

मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वारदात को गांव के ही निवासी राजू शाह ने अंजाम दिया है, जो पीड़ित परिवार का पड़ोसी बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी अपने घर में जाकर छिप गया। इससे नाराज ग्रामीण आरोपी के घर पहुंच गए और उसके मकान में आग लगा दी। कुछ ही देर में आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में सदर थाना समेत कई थानों की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और काफी जद्दोजहद के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी राजू शाह को सुरक्षित हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि सात वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment