News Desk Supaul:
सुपौल सदर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव में सात वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के बाद शुक्रवार को कोसी रेंज के DIG डॉ. कुमार आशीष पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। हल्की बारिश के बीच उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
DIG डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और अमानवीय है। प्रारंभिक जांच में बच्ची के चचेरे चाचा पर हत्या का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाने का अनुरोध किया जाएगा ताकि दोषी को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाई जा सके। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि गुरुवार देर रात परसरमा वार्ड संख्या-8 में सात वर्षीय प्रीति कुमारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया था। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी थी। सूचना मिलते ही सदर SDPO राजीव रंजन समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने पिता शंभू शाह के साथ दूध लेकर घर लौट रही थी। पिता आगे चल रहे थे, जबकि बच्ची पीछे-पीछे आ रही थी। इसी दौरान गांव के ही युवक राजू शाह ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने घर में छिप गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद परसरमा गांव में शोक का माहौल है। शुक्रवार को DIG के दौरे के दौरान उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।






