सुपौल: राघोपुर रेलवे स्टेशन बदहाल, गंदगी, टूटी बेंच और जर्जर प्लेटफॉर्म से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

सुपौल के राघोपुर रेलवे स्टेशन पर गंदगी, प्लेटफॉर्म पर उगी घास, गड्ढे, टूटी बेंच, गंदे शौचालय और बहते नल से यात्री परेशान हैं।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव और बदहाल व्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह घास उग आई है, प्लेटफॉर्म पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, बेंचें क्षतिग्रस्त हैं और पेशाबघर गंदगी से भरे पड़े हैं। वहीं, कई स्थानों पर नलों से लगातार पानी बहने के कारण पानी की भी बर्बादी हो रही है।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी होती है। बरसात के मौसम में प्लेटफॉर्म पर उगी घास और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

वहीं गंदे पेशाबघर के कारण विशेष रूप से महिला, बुजुर्ग और बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्टेशन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से शीघ्र सफाई अभियान चलाने, प्लेटफॉर्म की मरम्मत कराने, टूटी बेंचों को बदलने, पेशाबघर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा बहते नलों की मरम्मत कराने की मांग की है।

इस संबंध में राघोपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि स्टेशन पर नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में घास तेजी से उग जाती है, जिसकी कटाई का कार्य चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्लेटफॉर्म, बेंच, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मरम्मत और सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के संबंध में संबंधित रेलवे विभाग को पत्र भेजा जा चुका है।

हालांकि यात्रियों का कहना है कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता रहेगा। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राघोपुर रेलवे स्टेशन की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।

Leave a Comment