सुपौल: राघोपुर में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, पहचान में जुटी पुलिस

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत रामपुर गांव में रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन की चपेट में आने से करीब 45 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत हो गई। आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही स्थित वार्ड संख्या 11 के रामपुर गांव में बुधवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। हादसा रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 103 के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन काफी देर तक प्रयास करने के बावजूद मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष थी। लोगों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होती थी और उसका एक हाथ भी विकलांग था। उसे पूर्व में राघोपुर बाजार क्षेत्र में भीख मांगते हुए देखा गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे महिला रेलवे लाइन के किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान सहरसा की दिशा में जा रही ट्रेन संख्या 75202 की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर रेल आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी बीरेंद्र कुमार चौधरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना राघोपुर थाना और आरपीएफ के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। मृत महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]