सुपौल में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 7 पुलिस अधिकारियों का तबादला, चार थानों को मिले नए थानाध्यक्ष

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसको लेकर सुपौल पुलिस अधीक्षक के द्वारा शुक्रवार को आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के तहत जिले के सात पुलिस अवर निरीक्षकों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें अलग-अलग थानों एवं पुलिस केंद्र में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव में कई थानों के थानाध्यक्ष भी बदले गए हैं।

जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार, वर्तमान में लौकहा थाना के थानाध्यक्ष के पद पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार-2 को प्रतापगंज थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सुपौल थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रामबहादुर सिंह को करजाइन थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है।

इसी तरह राघोपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजू कुमार-2 को लौकहा थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। राघोपुर थाना में ही पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अमिय प्रसून को भी नई जिम्मेदारी देते हुए भीमनगर थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

वहीं प्रतापगंज थाना के थानाध्यक्ष रहे पुलिस अवर निरीक्षक रोशन कुमार को पुलिस केंद्र, सुपौल भेजा गया है। करजाइन थाना के थानाध्यक्ष मनीष कुमार को भी पुलिस केंद्र, सुपौल में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा भीमनगर थाना के थानाध्यक्ष मनीष कुमार-1 को भी पुलिस केंद्र, सुपौल भेजने का आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 24 घंटे के अंदर अपने नवपदस्थापित प्रतिष्ठान में योगदान कर प्रभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और थानों के कामकाज को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]