सुपौल में खाद वितरण में अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई, खाद विक्रेता का लाइसेंस निलंबित

 

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले में रबी फसल की बुआई का मौसम शुरू होते ही खाद की मांग बढ़ गई है। इस बीच खाद की खरीद-बिक्री और वितरण में अनियमितता को लेकर कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर जिले में उर्वरक दुकानों और किसानों के यहां जांच की गई। इस दौरान किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत अंतर्गत धरिया गांव स्थित मेसर्स राकेश कुमार खाद-बीज भंडार में उर्वरक वितरण में काफी अनियमितता पाई गई। इसके बाद संबंधित खाद विक्रेता का उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उर्वरक की आवश्यकता एवं उपलब्धता की समीक्षा के दौरान पाया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में वर्तमान माह में यूरिया एवं डीएपी की खपत अधिक हुई है। इसी को देखते हुए अधिक मात्रा में खाद बेचने वाले विक्रेताओं और अधिक मात्रा में खाद खरीदने वाले किसानों के यहां जांच की गई।

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ किसान आगामी रबी फसल की बुआई के लिए आवश्यक खाद की पूरी मात्रा एक ही बार में खरीदकर अपने घरों में भंडारण कर रहे हैं। पूछताछ में कुछ किसानों ने बताया कि नए फर्टिलाइजर बुकिंग ऐप और भविष्य में खाद नहीं मिलने की आशंका के कारण उन्होंने पहले ही खाद खरीद ली है।

इसी क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी एवं अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स राकेश कुमार खाद-बीज भंडार, ग्राम धरिया, पंचायत मलाढ़, प्रखंड किशनपुर में उर्वरक वितरण में काफी अनियमितता पाई गई। इसके बाद विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान का उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

किसानों से जरूरत के अनुसार खाद खरीदने की अपील

कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक की खरीदारी करें। अनावश्यक रूप से अधिक खाद खरीदकर घरों में भंडारण नहीं करें। विभाग का कहना है कि वर्तमान में जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

साथ ही किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल में आवश्यकता से अधिक उर्वरक का प्रयोग नहीं करें। अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराएं और जांच के परिणाम के आधार पर अनुशंसित एवं संतुलित मात्रा में ही खाद का इस्तेमाल करें।

जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से उर्वरक की अनावश्यक खरीदारी और भंडारण से बचने की अपील करते हुए कहा है कि जरूरत के मुताबिक खाद खरीदें, ताकि सभी किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *