सुपौल को पर्यटन की बड़ी सौगात: वीरपुर में मानसरोवर झील का उद्घाटन, बोटिंग और जापानी गार्डन होंगे आकर्षण, पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के इंडो-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर को पर्यटन के क्षेत्र में बुधवार को बड़ी सौगात मिली। वर्षों से उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रही मानसरोवर झील आखिरकार आम लोगों और पर्यटकों के लिए खोल दी गई। बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने विधिवत फीता काटकर झील का उद्घाटन किया और इसे जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही वीरपुर में पर्यटन की नई संभावनाओं का रास्ता खुल गया है।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री ने झील परिसर में विकसित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं नौका विहार कर बोटिंग की सुविधा का निरीक्षण किया। झील के आसपास विकसित आकर्षक उद्यान और पर्यटन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस दौरान मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि मानसरोवर झील का निर्माण कार्य पिछले पांच से छह वर्षों से पूरा होने के बावजूद इसका उद्घाटन नहीं हो पा रहा था। आज शुभ अवसर पर इसे आम जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कार्य है। इस पर्यटन स्थल के विकसित होने से न केवल सुपौल बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी घूमने-फिरने का एक बेहतर विकल्प मिलेगा। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है मानसरोवर झील

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि मानसरोवर झील को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां पर्यटकों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई आकर्षक व्यवस्थाएं की गई हैं।

झील परिसर में बोटिंग घाट, लेक आइलैंड, बटरफ्लाई गार्डन, जापानी गार्डन, मेडिसिनल गार्डन, लिली पॉन्ड, कैफेटेरिया और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से पर्यटकों को प्रकृति के बीच मनोरंजन और सुकून के पल बिताने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा प्रवासी पक्षियों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस परिसर को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का संगम इसे सुपौल जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कर सकता है।

2020 में शुरू हुई थी सौंदर्यीकरण की योजना

बता दें कि मानसरोवर झील के सौंदर्यीकरण और विकास की योजना वर्ष 2020 में तत्कालीन वन मंत्री एवं छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू की पहल पर शुरू की गई थी। इसके लिए शुरुआती तौर पर 10 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई थी। वहीं, झील परिसर की चहारदीवारी के निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी गई थी।

हालांकि, फंड की कमी के कारण लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद परियोजना का कार्य रुक गया था। इसके बाद शेष कार्यों को पूरा कराकर अब इसका विधिवत उद्घाटन किया गया है।

लागत को लेकर मंत्री ने दी सफाई

परियोजना की लागत को लेकर मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि मानसरोवर झील पर कुल 12 करोड़ रुपये खर्च होने की बात सही नहीं है, बल्कि अब तक इस पर लगभग दो करोड़ रुपये के आसपास खर्च हुआ है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस पर्यटन स्थल के विस्तार और विकास के लिए आवश्यक कार्य कराए जाएंगे।

नए साल में पिकनिक का नया ठिकाना बनेगी झील

मानसरोवर झील के उद्घाटन के बाद अब वीरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पिकनिक और मनोरंजन के लिए एक नया स्थान मिल गया है। खासकर नए साल के अवसर पर यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। बोटिंग, जापानी गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन और प्राकृतिक वातावरण लोगों के लिए खास आकर्षण बन सकते हैं।

इंडो-नेपाल सीमा के समीप स्थित होने के कारण इस पर्यटन स्थल से सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों को उम्मीद है कि पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से छोटे कारोबार, खानपान और अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।

मौके पर सचेतक सह पिपरा विधायक रामविलास कामत, सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस., भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, मुख्य पार्षद सुशील कुमार आदि पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *