News Desk Araria:
बिहार के अररिया जिले में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुपौल जिले के छह युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर हुआ, जहां तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड स्थित भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सीधे नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन से लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल युवक का इलाज जारी है। सदर अस्पताल के चिकित्सकों और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की उम्र लगभग 15 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान:
-
यश कुमार (15 वर्ष)
-
आदित्य आनंद (18 वर्ष) – पिता: शंकर कुमार
-
आरियन (15 वर्ष) – पिता: शंकर कुमार
-
चालक कुंदन कुमार (26 वर्ष)
-
सौरभ कुमार (16 वर्ष) – पिता: तुलसी मंडल
-
मुन्ना कुमार (14 वर्ष)
मामले को लेकर अररिया मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों और परिजनों से जानकारी ली गई है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही सुपौल के थुमहा गांव में मातम पसर गया। जिस घर में शादी समारोह की खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।







