सुपौल को मिलेगी विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी कल करेंगे सड़क, डेयरी और स्कूल भवन का उद्घाटन-शिलान्यास

Report: A.K. Chaudhary

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शनिवार को बिहार आ रहे है। इस दौरान वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। जहां देशभर में विभिन्न विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर सुपौल जिले से जुड़ी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुपौल स्थित नगर भवन (टाउन हॉल) में किया जाएगा।

जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में सड़क, डेयरी विकास और शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत होगी। इसमें सबसे प्रमुख सरायगढ़ से लालगंज-गणपतगंज होते हुए एनएच-106 (नवीन एनएच-131) तक सड़क के उन्नयन एवं निर्माण कार्य का उद्घाटन शामिल है। एनएच-327AD के अंतर्गत 10.672 किलोमीटर लंबी इस सड़क को दो लेन सहित पेव्ड शोल्डर के साथ विकसित किया गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन और सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

वहीं, डेयरी विकास के क्षेत्र में कोसी दुग्ध उत्पादन सहकारी संघ, सुपौल के अंतर्गत कुल 126.07 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं से दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने के साथ पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा, सुपौल प्रखंड के हरदी पंचायत स्थित देवेन्द्रनगर, चौघारा में निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय भवन का उद्घाटन किया जाएगा। 720 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस भवन के निर्माण पर 46 करोड़ 7 लाख 97 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके साथ ही बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के अंतर्गत सुपौल जिले की अन्य शैक्षणिक परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। हालांकि, इन परियोजनाओं का विस्तृत विवरण अलग से जारी किया जाएगा।

इन विकास परियोजनाओं के शुरू होने से सुपौल जिले में सड़क, डेयरी और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]