News Desk Vaishali:
बिहार के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गंगा नदी पर बने छह लेन के भव्य पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन रहा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के संचालन से बिहार में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच शुरू हुआ आवागमन
गंगा नदी पर बना ‘नीतीश सेतु’ बिहार के लिए बड़ी परिवहन परियोजनाओं में से एक है। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 19.7 किलोमीटर लंबा पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर की एप्रोच सड़कें शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में बड़ी सहूलियत होगी। किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां और दूध-दही जैसे उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।
100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों का उद्देश्य बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
बक्सर थर्मल पावर प्लांट की दूसरी यूनिट का उद्घाटन
ऊर्जा क्षेत्र में भी बिहार को महत्वपूर्ण सौगात मिली। प्रधानमंत्री ने बक्सर स्थित 1,320 मेगावाट क्षमता वाले थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी 660 मेगावाट यूनिट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बिजली वितरण और पारेषण से जुड़ी कई परियोजनाओं को भी जनता को समर्पित किया गया। इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली वितरण व्यवस्था में नुकसान कम करने से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।
सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई परियोजनाएं
प्रधानमंत्री ने सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए औरंगाबाद-चोरदाहा, चोरमा-बैरगनिया और उमगांव-सहरसा सहित कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अलावा साहेबगंज-अरेराज-बेतिया राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण सहित कई नई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
शहरी विकास के तहत बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा समेत कई शहरों में जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं की शुरुआत के लिए आधारशिला रखी गई।
शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी पटना के रिसर्च पार्क और छात्रावास, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों से जुड़ी परियोजनाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा रहीं। स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, खेल और प्रशासनिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया।
26,900 से अधिक शहरी परिवारों को आवास की सौगात
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का आयोजन भी किया गया। इसके माध्यम से शहरी क्षेत्रों के हजारों परिवारों को पक्के मकान की सुविधा मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ, रामविलास पासवान को किया याद
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक सफर और बिहार के विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की है। उनके सेवा और समर्पण के सम्मान में ही इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। प्रधानमंत्री ने दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया और उन्हें अपना मित्र बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रामविलास पासवान के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
कांग्रेस पर निशाना, गरीबी उन्मूलन को लेकर किया दावा
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन गरीबों के जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। वहीं, उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है। उन्होंने मुफ्त राशन योजना, गरीब परिवारों को पक्के मकान और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
छठ महापर्व का जिक्र कर बिहार के विकास की बात कही
प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न हुए छठ महापर्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार की माताओं और बहनों ने छठी मैया से परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की है। अब छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ बिहार की विकास यात्रा आगे बढ़ रही है। इस दौरान उन्होंने बिहार की जनता, एनडीए के सहयोगी दलों और कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
गौरतलब है कि एनडीए सरकार के मौजूदा कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर वैशाली में इस बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास के साथ बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में कई नई योजनाओं को गति देने की पहल की गई।







