Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को वीरपुर के एसडीएम विनय कुमार स्वयं बाजार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिमराही बाजार का निरीक्षण कर सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए दुकानों, ठेला, सब्जी एवं फल विक्रेताओं के साथ-साथ टेम्पू, ई-रिक्शा संचालकों और बस स्टैंड से जुड़े लोगों से बातचीत की। एसडीएम ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि सिमराही स्थित एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन पॉइंट पर आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि जंक्शन के आसपास सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से दुकानें लगने, वाहनों के खड़े रहने और अस्थायी अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
एसडीएम ने व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और बाजार को जाम मुक्त बनाने के लिए व्यापारियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जेपी चौक से चारों दिशाओं में लगभग 200 मीटर तक के क्षेत्र को नो-वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित रखा जाना है। इस क्षेत्र में सड़क किनारे दुकानदार, सब्जी विक्रेता, फल विक्रेता, टेम्पू संचालक, बस स्टैंड, ई रिक्शा सहित अन्य दुकानदारों से एसडीएम ने मिलकर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने हेतु निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सर्विस रोड के किनारे तक के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है। सड़क के जिस हिस्से तक कालीकरण किया गया है, उस पूरे क्षेत्र को खाली रखा जाए। इससे सड़क की चौड़ाई का पूरा उपयोग हो सकेगा और बाजार में जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि सिमराही बाजार एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन पर स्थित है, जहां लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित तरीके से वाहनों के खड़े होने से जाम के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि सावन माह के दौरान कांवरियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना जरूरी है। एसडीएम ने सभी दुकानदारों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे सड़क पर कालीकरण किए गए हिस्से को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

एसडीएम ने कहा कि जंक्शन पॉइंट से लगभग 200 मीटर की दूरी तक वेंडिंग जोन को मुक्त रखा जाएगा, ताकि सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक पिक आवर में सुबह और शाम दो-दो घंटे के लिए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इस दौरान प्रशासन अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों को जागरूक करते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि बाजार में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। स्थानीय दुकानदारों, व्यापार संघ, वाहन चालकों और आम लोगों के सहयोग से ही सिमराही बाजार को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाई जा सकती है।
एसडीएम ने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर सभी वर्गों के लोग प्रशासन का सहयोग करेंगे और सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करेंगे, तो सिमराही बाजार में जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
मौके पर राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, दुकानदार एवं अन्य लोग उपस्थित थे।







