Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज बाजार से होकर कोरियापट्टी, लालगंज तक गुजरने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। गणपतगंज बाजार में एनएच-131 से शुरू होकर रजिस्ट्री कार्यालय के सामने से होते हुए मारवाड़ी टोला, कोरियापट्टी और लालगंज की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा रहने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गणपतगंज बाजार में सड़क के शुरुआती हिस्से से लेकर बजरंगबली मंदिर तक हल्की बारिश होते ही जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचते हैं। वहीं पैदल चलने वाले लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों रोशन साह, गिरधारी साह, संतोष साह, सुबोध राय, फोम शर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह सड़क कभी गणपतगंज से सरायगढ़ जाने वाला प्रमुख मार्ग हुआ करती थी। हालांकि सरायगढ़ के लिए अब नया वैकल्पिक मार्ग बन जाने के कारण इस पुरानी सड़क की लगातार उपेक्षा की गई, जिसका परिणाम आज इसकी जर्जर स्थिति के रूप में सामने है।
लोगों ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। यही रास्ता रजिस्ट्री कार्यालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग भी है। इसके अलावा मारवाड़ी टोला, चिकनापट्टी, कोरियापट्टी, लालगंज सहित आसपास के कई गांवों के लोग इसी सड़क से होकर बाजार, सरकारी कार्यालय, विद्यालय और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आते-जाते हैं। लेकिन सड़क की बदहाली के कारण लोगों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। जलजमाव के कारण सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कत होती है। कई बार छोटे वाहन फंस जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि सड़क खराब होने का असर उनके व्यवसाय पर भी पड़ रहा है, क्योंकि ग्राहक आने से कतराते हैं।
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है तथा किसी बड़ी दुर्घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।







