Report: A.K. Chaudhary
सुपौल के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) इंद्रवीर कुमार ने मंगलवार को जिले के राघोपुर प्रखंड के डुमरी स्थित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (WPU) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय प्रसंस्करण इकाई के कर्मी उपस्थित थे। डीडीसी ने इकाई में एकत्रित किए गए अपशिष्ट पदार्थों के संधारण की जानकारी प्राप्त की तथा कचरे को व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रसंस्करण इकाई में संधारित पंजियों का भी अवलोकन किया और प्रतिदिन कचरा संग्रहण से संबंधित सभी जानकारियां नियमित रूप से पंजी में अद्यतन करने का निर्देश दिया। साथ ही अपशिष्ट पदार्थों के पृथक्कीकरण (सेग्रिगेशन) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त ने संबंधित पंचायत में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से कचरा संग्रहण की स्थिति की जानकारी ली तथा रिक्शा चालक सह स्वच्छता कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि कचरा संग्रहण के लिए रिक्शों पर लगाए गए डस्टबिन पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इस पर उन्होंने सभी पुराने डस्टबिन बदलने का निर्देश दिया। इसके अलावा अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई में कचरे का वजन करने के लिए मशीन उपलब्ध कराने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
डीडीसी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में घरों में कचरा जमा न रखें और प्रत्येक वार्ड में कार्यरत स्वच्छता कर्मी को नियमित रूप से कचरा सौंपें। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट पदार्थों का सही तरीके से निपटान नहीं होने पर विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। यदि सभी लोग प्रसंस्करण इकाई तक कचरा पहुंचाने की व्यवस्था में सहयोग करेंगे तो गांव को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखना संभव होगा।







