Report: A.K. Chaudhary
राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का शुभारंभ रविवार को सुपौल समाहरणालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने किया। अभियान के शुभारंभ के दौरान समाहरणालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के अवसर पर तिरंगा प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विथ तिरंगा’, तिरंगा रंगोली एवं वंदे मातरम् गीत सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजनों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, जिला संगठन आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संजय कुमार झा सहित भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य, जीविका दीदियां, आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थी, निशा डांस स्टूडियो के बच्चे, अन्य विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगे के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी एवं विकास आयुक्त के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया। अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकता की भावना प्रदर्शित करने की अपील की गई।







