DCS-शारदीय 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलास्तरीय प्रशिक्षण आयोजित, सर्वेयर व सुपरवाइजर को दिए गए आवश्यक निर्देश

सुपौल में DCS (Digital Crop Survey)-शारदीय 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Report: A.K. Chaudhary

DCS (Digital Crop Survey)-शारदीय 2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को सुपौल स्थित संयुक्त कृषि भवन के सभागार में सर्वेयर एवं सुपरवाइजर के लिए एक दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी, सुपौल ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निदेशक (शष्य) बीज विश्लेषण, सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक, प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर-DCS, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कृषि कर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला DCS नोडल एवं सहायक नोडल पदाधिकारी द्वारा DCS की वर्तमान कार्यप्रणाली, संशोधित प्रक्रिया एवं नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को फसल सर्वेक्षण की प्रक्रिया, मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन, आंकड़ों की प्रविष्टि एवं सत्यापन तथा सर्वेक्षण से संबंधित दिशा-निर्देशों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में पूर्व की प्रक्रिया की तुलना में किए गए महत्वपूर्ण बदलावों एवं संशोधित प्रक्रिया के तहत कार्य करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने सर्वेक्षण से संबंधित आंकड़ों की शुद्धता, विश्वसनीयता और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रतिभागियों की तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक शंकाओं का भी समाधान किया गया।

FR ID निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

कार्यक्रम के दौरान सभी FR ID धारकों को अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक किसानों का Farmer Registry (FR) ID बनाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर अभियान के रूप में संचालित करने को कहा गया। बताया गया कि FR ID निर्माण की प्रगति की दैनिक समीक्षा जिला पदाधिकारी, सुपौल द्वारा की जानी है। ऐसे में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित दैनिक लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए प्रगति की नियमित अनुश्रवण एवं समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को DCS-शारदीय 2026 का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संशोधित प्रक्रिया एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए अधिकतम किसानों को Farmer Registry से जोड़ने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया गया।

Leave a Comment

[democracy id="1"]