सुपौल: राघोपुर में NHAI निर्माण प्लांट में ट्रक की चपेट में आने से बस चालक की मौत

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर स्थित एनएच-27 किनारे संचालित NHAI के निर्माण प्लांट में रविवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट परिसर में ट्रक की चपेट में आने से एक बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बस और ट्रक के बीच दबा बस चालक

घटना को लेकर बताया गया रामविशनपुर स्थित NH 27 किनारे NHAI निर्माण प्लांट में वीणा डीलक्स बस काम में लगी हुई थी। रविवार की रात बस चालक बस को प्लांट परिसर में पार्क करने के बाद बस के आगे पेशाब करने के लिए चला गया। इसी दौरान प्लांट में कार्यरत एक टेलर ट्रक को पीछे की ओर बैक कर पार्किंग स्थल पर लगाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण चालक को बस के आगे मौजूद व्यक्ति दिखाई नहीं दिया और बैक करते समय ट्रक की चपेट में बस चालक आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट में मौजूद कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

मृतक की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रसलपुर निवासी 48 वर्षीय विवेन यादव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और प्लांट कर्मी मौके पर जुट गए। इसके बाद मामले की सूचना राघोपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि रामविशनपुर स्थित NHAI निर्माण प्लांट में बैक करने के दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक बस चालक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]