सुपौल: एनएच-27 पर पिचिंग मशीन की चपेट में इकलौते बेटे की मौत, सात माह की गर्भवती पत्नी को छोड़ गया, मुआवजे की मांग पर साढ़े तीन घंटे जाम रहा हाईवे

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एनएच-27 पर हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। रामविशनपुर स्थित टीपीडी पेट्रोल पंप के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी पिचिंग मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार नीरज कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-27 को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क पर करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

मृतक की पहचान फिंगलास पंचायत के बतरान चकला निवासी सुंदर शाह के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि नीरज बाइक से रविवार शाम सिमराही बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बतरान चौक की तरफ से गलत दिशा में आ रही सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली पिचिंग मशीन से उनकी बाइक टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि नीरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायल अवस्था में युवक को गश्ती वाहन से रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, पत्नी सात माह की गर्भवती

नीरज की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वर्षा कुमारी से हुई थी। परिजनों के मुताबिक उनकी पत्नी सात माह की गर्भवती हैं। घर में बच्चे के जन्म को लेकर परिवार खुशियों की तैयारी कर रहा था, लेकिन हादसे ने अचानक पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बताया गया कि नीरज अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में पत्नी, मां और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

शव देखते ही मां हुईं बेसुध

रेफरल अस्पताल में बेटे का शव देखते ही नीरज की मां बदहवास हो गईं। बेटे को खोने के सदमे में वह बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। उनका कहना था कि उनका एक ही बेटा था और अब परिवार का सहारा छिन गया। वहीं सात माह की गर्भवती पत्नी वर्षा कुमारी भी पति की मौत से टूट गईं। वह पति के शव के पास बैठकर लगातार रोती रहीं। मौके पर मौजूद परिजन और रिश्तेदार उन्हें संभालने में जुटे रहे।

मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम

हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-27 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के चलते दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण और परिजन दोषी चालक की गिरफ्तारी, कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चले जाम के बाद प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने तथा समझाने-बुझाने पर लोगों ने सड़क खाली की। इसके बाद एनएच-27 पर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई।

गलत दिशा से मशीन आने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि बतरान चौक के आसपास निर्माण कार्य में लगी मशीनों और अन्य वाहनों का कई बार गलत दिशा में परिचालन होता है। इससे सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने सड़क निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।

हादसे के बाद चालक फरार

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद पिचिंग मशीन का चालक मशीन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। चालक के फरार होने की जानकारी से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल पिचिंग मशीन को जब्त कर थाना लाया जाएगा। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]